वैशाली में गैस टैंकर से निकलने लगी शराब, 50 लाख की बोतलों के लिए मची लूट
वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून हवा हो गया। छतवारा से वड़हर चौक के तरफ जाने वाली सड़क पर बतहा हाट के निकट गुरुवार की देर रात एक गैस टैंकर पलट गया। टैंकर के अंदर कार्टून में शराब की बोतलें रखी गई थीं। सूचना पर बड़ी संख्या में पहुंचे माफियाओं द्वारा शराब के कई कार्टून गायब कर दिए गए। जानकारी मिलने पर महुआ थाने की पुलिस मामले की पड़ताल के लिए पहुंची। एक अनुमान के मुताबिक टैंकर में करीब 50 लाख रुपये की शराब भरकर लाई जा रही थी। शराब को कहां पहुंचाना था और कहां से लाई गई थी? इसकी जानकारी नहीं हो पाई है।
कार्टून के कार्टून ले गए शराब
महुआ थाना क्षेत्र के सलखन्नी गांव के स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह जोरदार आवाज हुई, बाहर देखा तो खेत की ओर गैस टैंकर पलटा था। टैंकर के अंदर झांककर देखा तो उसमें कार्टून रखे थे। छानबीन में पता चला कि कार्टून के अंदर शराब की बोतलें रखी गई हैं। कुछ ही देर में सूचना आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। इस बीच बड़ी संख्या में शराब माफिया पहुंचे और कार्टून के कार्टून वाहन में भरकर ले जाने लगे। जानकारी मिलने महुआ थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस कर्मियों को देख शराब माफिया भाग खड़े हुए।
Comments
Post a Comment